Saturday, August 31, 2019

निश्छल प्रेम : सलिल सरोज

आख़िर 
तुम मुझे क्या दे पाओगे 
ज्यादा से ज्यादा 
अपराध बोध से भरी हुई अस्वीकृति 
या 
आत्मग्लानि से तपता हुआ निष्ठुर विछोह 

हालाँकि 
इस यात्रा के पड़ावों पर 
कई बार तुमने बताया था 
इस आत्म-मुग्ध प्रेम का कोई भविष्य नहीं 
क्योंकि 
समाज में इसका कोई परिदृश्य नहीं 

मैं 
मानती रही कि 
समय के साथ 
और 
प्रेम की प्रगाढ़ता 
के बाद 
तुम्हारा विचार बदल जाएगा 
समाज का बना हुआ ताना-बाना 
सब जल जाएगा 


पर मैं गलत थी 
समय के साथ 
तुम्हारा प्यार 
और भी काल-कवलित हो गया 
तुम्हारा हृदय तक 
मुझसे विचलित हो गया 

तुम तो पुरुष थे 
ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति 
कभी कृष्ण, कभी अर्जुन की नियति 
समाज की सब परिपाटी के तुम स्वामी 
संस्कार,संस्कृति सब  तुम्हारे अनुगामी 

फिर भी 
प्रेम पथ पर 
तुम्हारे कदम न टिक पाए 
विरक्ति-विभोह के 
एक आँसू भी न दिख पाए 

मैं 
नारी थी 
दिन-दुनिया,घर-वार 
चहुँओर से 
हारी थी 

मुझको ज्ञात था
अंत में 
त्याग  
मुझे  ही करना होगा 
सीता की भाँति 
अग्नि में 
जलना होगा 

पर 
मैं 
फिर भी तैयार हूँ 
तमाम सवालों के लिए 
मैं खुद से पहले 
तुम्हारा ही बचाव करूँगी 
और 
जरूरत  पड़ी तो 
खुद का 
अलाव भी करूँगी 

मैं बदल दूँगी 
सभी नियम और निर्देश 
ज़माने के 
और 
हावी हो जाऊँगी 
सामजिक समीकरणों पर 
और इंगित कर दूँगी 
अपना 
''निश्छल प्रेम''
जो मैंने 
जीकर भी किया 
और मरने के बाद भी 
करती जाऊँगी 

सलिल सरोज 

अनुश्रुति सिंह

कभी कभी कुछ गलतियां हमसे हो जाती है
अनजाने ही सही पर हो जाती है
उन गलतियों में हम इतना फस जाते है
की होश आते ही खुद को कहीं गिरा हुआ पाते है।

इतना तो पता है कि 
ये ख़ुदा जो भी करता है उसके पीछे कुछ अच्छा छिपा रहता है
अच्छा हो या बुरा हो पर कुछ लिखा रहता है
इसलिए, कभी इन्ही गलतियों के कारण किसी को उठा देता है तो किसी को गिरा देता है।

लेकिन कुछ गलतियां हमसे यूँ हो जाती है
जैसे तूफ़ान आती है सब बर्बाद करके यूँ चली जाती है
लगता है जैसे पहले हम कहाँ थे और अब हम कहाँ हैं
हम दूसरों की क्या कहें
हम अपनी खुद की ही नजरो में खुद को गिरा हुआ पाते है।

कुछ की नजरों में गिरते है 
तो कुछ को मायूस करते है
कुछ को दुख होता है 
तो कुछ मुख फेर लेते है।

बाद में पछताने से कुछ नहीं होता है
क्योंकि जो होना था वो हो चुका होता है
उन गलतियों के बारे में सोचने में क्या रखा है
जो खोना होता है वो खो चुका होता है

बस एक ही राह बच जाती है
भूल जाओ वो सब, सीख ले लो उनसे
की ऐसी गलती होगी न फिर से
जिससे हम गिर जाए अपनी नजरो में फिर से।

खुद को न इतना मायूस करना
इतना न सोचना की उसी में खोए रहना
क्योंकि अब आगे नही बढ़े तो 
उन्हीं ग़लतियों को संवारने में पूरी ज़िंदगी लगा डोज
क्या पता कल कोई मौका फिर से इन्ही गलतियों से न निकल जाए।

बस इतना ध्यान रखना
जो हो गया सो हो गया
वो होगा न फिर से
आखिर गलतियां तो होती ही है इंसानों से
इसलिए खुद को न यूँ कोसो हद से।

अपने कदमो को ऐसे बढ़ा
की मंजिल खुद पास आने को तरसे तेरे
और कामयाबी हाथ मे रही तेरे
तो कोई भी गलतियों को भूल से सोचेगा नहीं तेरे।

इसलिए जो हो गया सो हो गया
ऐसा होगा न फिर से 
बढ़ा कदम आगे अपने
पास आ जाएंगे फिर से तेरे अपने और सपने।।      
       
                  - अनुश्रुति सिंह।

कहफ रहमानी

हृ' - स्पर्शराग-रंजित भूषित - भव
नीत-सकल सम्यक न
समतामूलक - प्रमाण 'स्पर्श'
हस्तगत प्रेक्षा का ऊष्मीयमान।


शैथिल्य _आश्लथ, प्रगाढ़ चुम्बन
अहा!       अरी,        अहो ;
उच्छृंखल, उच्छवसित _स्वरैक्य - स्वन।


अयी, मेदिनी
प्रीतिपात  का मूल्य फिर?

"संदर्भ-वैशिष्ट"   तुम
किन्तु शीर्षक भिन्न-भिन्न,

संकेन्द्रित सुसूक्त यह  
" कर अर्पित यौवनोपहार 
क्षम्य नहीं  कौमार्य"। 

अट्टहास मादन वक्ष पर के
मधुमत्त कटि, विहंसित - कुसुमित नितम्ब 
औ'  कच-कुन्तल 
स्यात_  पृष्ठ अनेक एक ही पुस्तक के 
विशिष्ट वस्ति-प्रदेश एक। 


तृषा स्तर-स्तर 
तीव्र-तीव्र - मदिर - मधुरिम 
आवृत्त निरन्तर। 

मैं अल्कावलि! 
उदग्र  विकारों की  महौषधि 
रक्तचाप केवल
बाह्य - आंतरिक  द्विपात - निपात। 

समाविष्ट रक्त - वीचियों में 
समस्त  केलि, 
मैं केलिकला! 
आकृतियों पर उल्लिखित 'रोष '
उद्वेग - उद्द्वेप। 

भिन्न_ समस्टिकुल से
प्रगाढ़ आलिंगन, द्रवण, संघनन 
निरन्तर अवतरित हृ-पृष्ठों पर। 

परिपक्व विचार श्रेष्ठतम 
 आदर्शों पर 
पृष्ठ_दीर्घ     न लघुव्याल। 

"क्लांत वह्नियों  का न कोई  अर्थ 
व्यर्थ है यह  मूर्च्छा, अवसन्नता "।

Monday, May 6, 2019

मेरा आशियाना: उमेश पंसारी


बागों का फूल वो खिलाना
चिड़ियों का वो शोर मचाना
आंगन में तुलसी मैया के
पौधे को जल पान कराना

माँ का वो घर को सजाना
बहना का वो प्यार लुटाना
नन्हें से बच्चों का वो
सुबह शाम ही शोर मचाना

कहानी को दादी से सुनना
रात को मीठे सपने बुनना
सुबह देव को तिलक लगाना
हाथ जोड़कर भोग लगाना

पूजा की वो थाल सजाना
आरती में वो साथ में गाना
पढ़ते पढ़ते खेलों में ही
एक दिन वो अफसर बन जाना

पापा की उस सीख को पाना
माँ के हाथ का खाना खाना
सबके हाथ मिलाकर ही तो
बनता है अपना आशियाना.... |

उमेश पंसारी

 सुभाषमार्ग इंग्लिशपुरा सीहोर, मध्यप्रदेश

माँ : अमरनाथ दक्षिण

तेरी दुआ में मैं हरपल रहा,
तेरी सपनों में मैं हरपल हंसा,
रोता था कभी चोट लग जाने पर,
तू आती थी, चुप कराती थी,
प्यार से मेरे बालों को सहलाती थी।

तू घबराती थी, कि मैं तुमसे
कहीं दुर न चला जाऊं,
अपने आंखों के सामने,
मुझे देखकर मुस्कुराती थी।

तू मेरे लिए हर वो दर्द सहती थी,
जिसको सहने की तू हकदार न थी,
पर फिर भी, उस दर्द से मिले 
आसुओं को छुपाकर मुस्कुराती थी,
क्योंकि मैं खुश रहूं,
इसी में तेरी जिंदगानी थी।

चल पड़ता था कभी किसी गलत राह पर,
तो तू हाथ पकड़कर
मुझे खींच लाती थी,
सही रास्ते पर चलना,
तेरी हर एक बात मुझे सिखलाती थी।

तेरी हर एक डांट,
मेरे लिए एक सिख थी मां,
यह जानकर आज मैं
न जाने कहां खो जाता हूं ,
तेरी उसी डांट को
आज फिर से पाने के लिए,
तरसता हूं, बस तरसता जाता हूं।।

 अमरनाथ दक्षिण
बिलासपुर 

Saturday, April 14, 2018

इमारतें :तुहिन हरित

इन पुरानी जर्जर इमारतों में कौन रहता होगा
प्यार से डाँटते हुए, "अब सो जाओ" कौन कहता होगा

इन बूढ़ी दीवारों पर बरस स्याही छोड़ गये हैं
नजाने कितने तूफ़ान टकराके मुँह मोड़ गये हैं

बारिशें इन जंगी सलाखों को चूमकर पीती होंगी,
कूछ मासूम हाथों में रुकती होंगी, कुछ थके दिलों में जीती होंगी

इस टूटी दहलीज़ पर कुछ ख्वाहिशों ने दम तोड़ा होगा
उस खिड़की के आगे कुछ ख्वाबों ने ज़मीन को छोड़ा होगा

मौसमों की तरह, कभी शाम तो कभी पहर होगा
इन पुरानी जर्जर इमारतो में किसी का शहर होगा 

Tuesday, April 10, 2018

अमित मिश्र

सुनो ना आजकल सब चाय के बारे में लिख रहे हैं..
मैं भी लिख दूं क्या?
अपनी वो चाय और वो बातें ..याद है तुम्हे ..
मेरा  अचानक  तुम्हे चाय  पे बुलाना
तुम्हारा  घर  पे  नया  बहाना बनाना
चोरी चोरी पीछे वाली गली से आना
गुस्से में मुझे खूब खरी खोटी सुनाना
मेरा बस तुम्हे देखना और मुस्कराना
और तुम्हारा वो झट से पिघल जाना
और हमारी चाय पे चर्चा शुरू हो जाना...
अच्छा वो याद है क्या तुम्हे...............
कभी  चाय  में चीनी  ज्यादा हो  जाना
फिर तुम्हारा उसमे और दूध मिलवाना
कभी वो अदरक का टुकड़ा  रह जाना
और  तुम्हारा  एकदम  से उछल जाना
तुम्हारा  उस  चाय  वाले से लड़ जाना
तुम्हे  दिखाने को  मेरा भी  भिड़ जाना
मेरा प्यार से समझाना तुम्हारा मान जाना...
अच्छा वो तो बिल्कुल याद होगा.....
वो तेज पत्ती वाली  चाय की मिठास
जब हाथ में चाय  और हम तुम पास
चाय पीते पीते  ही  लड़ना अनायास
बेवजह सुनना एक दूजे की बकवास
तुम्हारा  वही  लाल रंग वाला लिबास
मेरा तुम्हारी  तारीफ़ करने का प्रयास
हाँ ये सब ही बनाते थे उस चाय को ख़ास..
अच्छा वो याद दिलाऊं क्या......
चाय के इंतज़ार में  न कटती रातें
चाय के  बहाने  बढ़ती  मुलाकातें
वो चाय की चुस्की और ढेरों बातें
जब चाय में  दोनों बिस्कुट डुबाते
तुम्हारी सुनते  और अपनी बताते
हम आज भी उस दुकान पे हैं जाते
पर तुम साथ नही इसलिये दो चाय नही मंगवाते...
खैर छोड़ो अब क्या जिक्र करना उन बातों का चलो चाय पीते हैं..